
सीहोर. समीपस्थ अहमदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मगरदी खुर्द में नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म व उसे जहर खिलाने के मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है. गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल व पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा के नेतृत्व में जिला कांग्रेस की न्याय यात्रा निकालते हुए ज्ञापन देने कलेक्ट्रेट पहुंची.
अहमदपुर थाना क्षेत्र के गांव मगरदी में एक किशोरी के साथ ज्यादती और फिर जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या के मामले में कांग्रेस अब भाजपा की प्रदेश सरकार को घेरने में जुट गई है. गुरुवार को कांग्रेस ने पीडि़त परिवार को न्याय दिलाने के लिए न्याय यात्रा निकाली. कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन देते हुए कांग्रेस ने मृतिका के परिजनों के साथ न्याय करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने थाने से सीसीटीवी फुटेज मांगते हुए रात के समय पीडि़ता के पिता और चाचा को थाने से भगाने और एफआईआर दर्ज नहीं करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है. कांग्रेस ने खुलकर आरोप लगाया है कि आरोपियों पर भाजपा के विधायकों को वरदहस्त है. जिस कारण पुलिस दबाव में काम कर रही है.
