सिंगरौली : भारत विकास परिषद शाखा के तत्वाधान में होटल सत्या इंटरनेशनल बैढ़न के सभागार में राष्ट्र चिंतक एवं प्रखर वक्ता पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ के मुख्य आतिथ्य में मेरा राष्ट्र, मेरी जिम्मेदारी विषय पर नागरिक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्र, समाज और नागरिकों की भूमिका से जुड़े विभिन्न विषयों पर पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ ने अपने विचार रखते हुए उपस्थित नागरिकों से देश के प्रति अपने दायित्वों को समझने और उनका निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के रीजनल अध्यक्ष सुनील कोठारी, जिला संघ चालक अनिल झा, नगर संघचालक नागेंद्र बहादुर सिंह, विधायक रामनिवास शाह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह, भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरीश द्विवेदी, पार्षद सीमा जायसवाल सहित विभिन्न सामाजिक एवं संगठनात्मक संस्थाओं से जुड़े पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा जिले के सैकड़ों गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। मुख्य वक्ता पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ ने मेरा राष्ट्र, मेरी जिम्मेदारी विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने नागरिकों से अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों को भी समझने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन तभी संभव है, जब नागरिक अपने आसपास की परिस्थितियों के प्रति जागरूक रहें और राष्ट्रहित को व्यक्तिगत हित से ऊपर रखते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। वहीं कार्यक्रम का स्वागत भाषण डॉ. ओपी राय ने दिया, जबकि कार्यक्रम का संचालन अमित राज द्वारा किया गया। कार्यक्रम के संयोजक प्रदीप शुक्ला एवं सहसंयोजक पवन कुमार सिंह रहे। आयोजन में जिले के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक एवं स्वयंसेवी संगठनों से जुड़े लोगों की सहभागिता रही।
