जयपुर 13 सितंबर (वार्ता) राजस्थान में 309 नगरीय निकायों में सदस्य पदों के लिए हुए चुनाव की मतगणना सोमवार सुबह आठ बजे से की जायेगी।
निर्वाचन विभाग के अनुसार दस नगर निगमों, 47 नगर परिषद एवं 252 नगरपालिकाओं के दो चरणों में गत नौ एवं ग्यारह सितंबर को हुए मतदान के बाद सोमवार को संबंधित सभी मतदान केन्द्रों पर सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरु होगी। मतगणना से इन निकायों में चुनावी भाग्य आजमा रहे 38 हजार 889 उम्मीदवारों की हार-जीत का फैसला होगा।
मतगणना के लिए सुरक्षा व्यवस्था एवं सभी तैयारियां कर ली गई हैं और बिना अधिकृत प्रवेश पत्र के मतगणना केंद्र में किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जायेगा। दोनों चरणों में दस हजार 167 वार्डों के लिए मतदान हुआ जबकि 77 वार्डों में सदस्यों का चुनाव निर्विरोध हो गया।
पहले चरण में नौ सितंबर को 162 नगर निकायों में सदस्य पदों के लिए चुनाव हुआ जिसमें चार नगर निगम, 27 नगरपरिषद एवं 131 नगरपालिका शामिल थी और इनमें 73 नवगठित नगरीय निकाय है। पहले चरण में इन निकायों में 76.42 प्रतिशत मतदान हुआ। दूसरे चरण में 11 सितंबर को छह नगर निगम, 20 नगरपरिषद एवं 121 नगरपालिकाओं सहित 147 नगरीय निकायों में चुनाव हुआ जिनमें 40 नवगठित नगरीय निकाय शामिल हैं। दूसरे चरण में 71.69 प्रतिशत मतदान रहा।
