जबलपुर: बेलबाग थाना क्षेत्र में पत्नी को प्रताड़ित कर तीन बार तलाक कहकर घर से बेदखल करने वाले पति के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपी पति दहेज में मोटरसाइकिल न मिलने और दूसरी लड़की के चक्कर में अपनी 6 माह की गर्भवती पत्नी को लगातार प्रताड़ित कर रहा था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कदम तलैया निवासी शबनम बानो (30) का विवाह 7 जनवरी 2025 को बड़ी मदार टेकरी, खाई मोहल्ला निवासी इमरान के साथ हुआ था। शबनम वर्तमान में 6 महीने की गर्भवती है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि शादी के महज एक महीने बाद से ही पति इमरान का किसी दूसरी लड़की के साथ अफेयर चल रहा था, जिसे लेकर वह आए दिन शबनम से झगड़ा और मारपीट करता था। शिकायत के मुताबिक, बीते 23 अक्टूबर की दोपहर शबनम अपने कमरे में प्याज काट रही थी। इसी दौरान पति इमरान वहां आया और कमरे की चाबी को लेकर विवाद करने लगा। बात बढ़ने पर इमरान ने शबनम के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी और ताना मारा कि तुम्हारे परिवार वालों ने शादी में कुछ नहीं दिया। जब शबनम ने कहा कि मायके वालों ने अपनी हैसियत के हिसाब से सब कुछ दिया है, तो आगबबूला होकर इमरान ने उसे तीन बार तलाक कह दिया और घर से निकाल दिया था। पीड़िता शबनम बानो की लिखित शिकायत पर बेलबाग पुलिस ने अब आरोपी पति इमरान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
