मिठाई दुकानों से लिए खाद्य पदार्थों के नमूने

छिंदवाड़ा. रक्षाबंधन त्योहार के चलते आमजन को सुरक्षित एवं बिना मिलावट के खाद्य पदार्थ और मिठाइयां उपलब्ध हो सकें, खाद्य सुरक्षा विभाग की 04 टीमें लगातार सभी तहसीलों सहित संपूर्ण जिले में निरीक्षण, निगरानी एवं नमूना कार्य कर रही हैं। इसी क्रम में एक टीम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी गोपेश मिश्रा के नेतृत्व में एलपी डील, नरसिंहपुर रोड छिंदवाड़ा, जो कि प्रमुख किराना रिटेल चेन है, का निरीक्षण एवं नमूना जब्ती कार्रवाई की। यहां से मूंगफली दाना और राजमा के नमूने लिए गए। साथ ही शहर के प्रमुख मिठाई विक्रेताओं में से श्री रंगजी स्वीट्स एवं अमित स्वीट्स के लहगडुआ स्थित मिठाई निर्माण कारखानों की सूक्ष्मता से जांच कर 08 मिठाइयों के नमूने संग्रहित किए गए।

इसी क्रम में दूसरी टीम द्वारा खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुश्री संध्या मार्को के नेतृत्व में पांडुपिपरिया क्षेत्र में कैपिटल होटल, श्री सीताराम किराना एवं हर हर नर्मदे होटल से जलेबी, नमकीन, लस्सी, मुनक्का, बालूशाही आदि के नमूने संग्रहित किए गए। एक अन्य टीम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार घाघरे के नेतृत्व में हर्रई क्षेत्र के श्री बीकानेर मिष्ठान भंडार, चमुण्डा मिष्ठान भंडार, तृप्ति होटल एवं मानव मंदिर स्वीट्स का निरीक्षण किया। यहां से नमकीन, मिठाई, बर्फी एवं सेव के नमूने लिए गए। वहीं सिंगोड़ी क्षेत्र में अपना मिष्ठान भंडार से मोतीचूर लड्डू एवं सादी बर्फी के नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिये भोपाल प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार विभाग द्वारा कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

रणनीतिक महत्व के क्षेत्रों में विस्तृत होने लगी है भारत-जापान साझेदारी: पीयूष गोयल

Mon Aug 24 , 2026
नयी दिल्ली, 24 अगस्त (वार्ता) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि भारत-जापान साझेदारी पारंपरिक व्यापार से कहीं आगे बढ़कर आर्थिक सुरक्षा, रक्षा, आपूर्ति-श्रृंखला की मजबूती, प्रौद्योगिकी, नवाचार, स्वच्छ ऊर्जा और दोनों देशों के लोगों के बीच आदान-प्रदान जैसे रणनीतिक क्षेत्रों तक विस्तारित हो गई है। […]

You May Like