अहमदपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम सीलखेड़ा में शुक्रवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक 16 वर्षीय युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई.
हादसा सीलखेड़ा से मुंगावली जाने वाले मार्ग पर करीब डेढ़ किलोमीटर आगे स्थित खदान में हुआ. मृतक की पहचान ग्राम सीलखेड़ा निवासी अतुल अहिरवार पिता अजब सिंह अहिरवार के रूप में हुई है.
ग्रामीणों के अनुसार गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए अतुल अन्य लोगों के साथ खदान के पानी में गया था. इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया. घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए. करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया. इसके बाद ग्रामीण उसे निजी वाहन से अहमदपुर स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां से उसे दोराहा स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया. डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विसर्जन स्थल पर सुरक्षा के लिए पुलिस की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी. उनका कहना है कि पिछले साल इसी स्थान पर गणेश विसर्जन के दौरान दो पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी, लेकिन इस बार कोई पुलिस जवान तैनात नहीं था. ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि हादसे के करीब दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची. उनका कहना है कि यदि समय पर सुरक्षा इंतजाम और पुलिस बल मौजूद होता तो हादसे को टाला जा सकता था. हादसे के बाद गणेश विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. हालांकि, पुलिस की ओर से इन आरोपों की पुष्टि नहीं की गई है. मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है.
