
टाटा ग्रुप में आने वाले महीनों में बड़ा नेतृत्व बदलाव देखने को मिल सकता है। Tata Sons के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन फरवरी 2027 में अपना मौजूदा कार्यकाल पूरा करने के बाद आगे की जिम्मेदारी नहीं संभालेंगे। उनके कार्यकाल को आगे बढ़ाने की सिफारिश की गई थी, लेकिन बोर्ड में इस प्रस्ताव पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद टाटा संस के अगले चेयरमैन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि चंद्रशेखरन के बाद टाटा संस की कमान किसके हाथ होगी? इस दौड़ में सबसे ज्यादा चर्चा नोएल टाटा के नाम की हो रही है। नोएल टाटा इस समय टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन हैं। ऐसे में नए चेयरमैन के चयन की प्रक्रिया में उनकी भूमिका बेहद अहम मानी जा रही है। हालांकि, अभी यह तय नहीं है कि नोएल टाटा खुद चेयरमैन बनेंगे या किसी दूसरे नाम पर मुहर लगेगी।
नोएल टाटा के अलावा टाटा स्टील के सीईओ और MD टी.वी. नरेंद्रन का नाम भी संभावित दावेदारों में सामने आ रहा है। नरेंद्रन लंबे समय से टाटा ग्रुप से जुड़े हुए हैं और ग्रुप के एक बड़े कारोबार का नेतृत्व कर रहे हैं। ऐसे में उनका अनुभव भी उन्हें संभावित उम्मीदवारों में शामिल करता है।
नए चेयरमैन के चयन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। टाटा ट्रस्ट्स की भूमिका इस पूरी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण रहने वाली है। आने वाले महीनों में संभावित नामों पर चर्चा और विचार-विमर्श के बाद तस्वीर और साफ हो सकती है।
एन. चंद्रशेखरन के नेतृत्व में टाटा ग्रुप ने कई बड़े फैसले लिए और ग्रुप के कारोबार को नई दिशा दी। अब उनके बाद कौन इस जिम्मेदारी को संभालेगा, इस पर उद्योग जगत की नजरें टिकी हैं।
