
जबलपुर। गढ़ा पुलिस ने एक महिला समेत तीन तस्करों को रंगे हाथ दबोचा है, जिनके कब्जे से 18 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है। पकड़े गए आरोपियों में गढ़ा बाजार निवासी 21 वर्षीय देव उर्फ दीपू रजक पिता ईश्वरी रजक, रांझी के गांधी चौक निवासी 20 वर्षीय अनिकेत श्रीपाल पिता छोटे लाल श्रीपाल और तिलवारा की क्रेशर बस्ती निवासी 46 वर्षीय कमला अहिरवार पति स्वर्गीय दशरथ अहिरवार शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गांजे की इस बड़ी खेप को जब्त कर लिया है। अब पुलिस पकड़े गए तस्करों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे इतनी बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ कहां से लाए थे और जबलपुर में इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
