
जबलपुर। माढ़ोताल थाना अंतर्गत बैहदन पुल के पास कटनी से जबलपुर लौट रही एक तेज रफ्तार आई-20 कार को अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार रही कार पलट गई और इस भीषण हादसे में कार सवार दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। कार के परखच्चे उड़ गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पडवार कला थाना बरेला निवासी सुरेन्द्र जोतकी (31) ने थाने में सूचना दी कि उनका भाई अतुल जोतकी (35) अपने मित्र संदीप पांडेय (37) के साथ कार क्रमांक एमपी 20 सी एल 7394 से किसी काम से कटनी गए हुए थे। जब वे कटनी से वापस जबलपुर लौट रहे थे, तभी माढ़ोताल बैहदन पुल के पास तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों की मदद से दोनों शवों को कार से बाहर निकाला। हादसे में गंभीर चोटें आने के कारण अतुल और संदीप की मौके पर ही मौत हो गई थी। टीआई वीरेंद्र सिंह पवार ने बताया कि टक्कर के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था पुलिस प्रकरण दर्ज कर पतासाजी कर रही है।
