
नयी दिल्ली, 14 अगस्त (वार्ता) नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने शुक्रवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में तिरंगा मार्च का आयोजन किया। एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में आयोजित मार्च में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और छात्रों ने हिस्सा लिया। इस दौरान छात्रों ने राष्ट्रीय ध्वज हाथों में लेकर स्वतंत्रता, एकता, लोकतंत्र और संविधान के मूल्यों के समर्थन में नारे लगाए। मार्च के दौरान सभा को संबोधित करते हुए श्री जाखड़ ने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है और विश्वविद्यालयों में भी लोकतंत्र के मूल्यों की रक्षा और उन्हें मजबूत किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय लोकतांत्रिक समाज की नींव हैं, जहां छात्रों को बिना किसी भय के अपनी बात रखने, सवाल पूछने, विचार व्यक्त करने और चर्चाओं में भाग लेने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए।
श्री जाखड़ ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने के केंद्र नहीं हैं, बल्कि युवाओं को लोकतंत्र, संवैधानिक अधिकार, समानता और असहमति के सम्मान का पाठ भी पढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ विश्वविद्यालयी वातावरण में संवाद और अलग-अलग विचारों के सम्मान को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव तक सीमित नहीं है। हर छात्र को अपनी बात कहने, भागीदारी करने और अपनी आवाज सुने जाने का अधिकार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कैंपस ऐसे स्थान बने रहने चाहिए, जहां विभिन्न विचारों का सह-अस्तित्व हो और छात्र बिना डर अपनी जायज चिंताएं उठा सकें। रामजस चौक पर मार्च के समापन के दौरान छात्रों ने स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व, संवैधानिकता और लोकतांत्रिक भागीदारी के सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
