ओलंपिक संघ की बैठक को संबोधित किया मुख्यमंत्री ने

भोपाल, 30 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज कहा कि अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में राज्य की भागीदारी और उपलब्धियां बढ़ाने के उद्देश्य से सरकार खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग दे रही है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. यादव “मध्यप्रदेश ओलंपिक संघ” की जबलपुर में आयोजित वार्षिक बैठक को यहां स्थित मुख्यमंत्री निवास से “वर्चुअली” संबोधित कर रहे थे। बैठक में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय “वर्चुअली” शामिल हुए। अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा तथा अपर मुख्य सचिव खेल एवं युवक कल्याण मनु श्रीवास्तव इस अवसर पर उपस्थित थे।
डॉ यादव ने कहा कि वर्ष 2028 में लॉस एंजिलिस में होने वाले ओलंपिक सहित सभी अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में मध्यप्रदेश के खिलाड़ी अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और बड़ी संख्या में पदक लाएं, इस लक्ष्य के साथ प्रदेश में खेल गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। राज्य सरकार प्रदेश में खेल अधोसंरचना विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रशिक्षण के साथ-साथ अन्य सहायता व प्रोत्साहन उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। राज्य शासन मध्यप्रदेश ओलंपिक संघ को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश ओलंपिक संघ वर्ष 1952 से अर्थात 73 साल से खेल के क्षेत्र में लगातार कार्यरत है। प्रदेश का 38वें राष्ट्रीय खेल उत्तराखंड में प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा और प्रदेश ने पहली बार तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस राज्य में खेलों में ढांचागत सुविधाएं और विकास तेज गति से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में 22 से ज्यादा हॉकी के एस्ट्रोटर्फ हैं और 15 एथलेटिक ट्रैक हैं, जो कि देश में किसी भी प्रदेश में नहीं है। उन्होंने ओलंपिक संघ के सभी पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं भी दीं। जबलपुर में हुई बैठक में मध्यप्रदेश ओलंपिक संघ के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Next Post

एक दिन में मिल जाएगा मध्यप्रदेश भाजपा को नया अध्यक्ष

Mon Jun 30 , 2025
भोपाल, 30 जून (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्यप्रदेश इकाई के नए अध्यक्ष को लेकर मंगलवार तक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। नए प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन के संबंध में पार्टी के राज्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से आज विधिवत अधिसूचना जारी कर दी गयी। भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष […]

You May Like