इंदौर: पुलिस टीम ने दो शातिर स्नैचरों को गिरफ्तार किया. आरोपियों के कब्जे से 8 महंगे मोबाइल फोन और 5 मोटरसाइकिल सहित करीब साढ़े तीन लाख रुपये का माल जप्त किया है. घटना के बाद तत्काल सक्रिय हुई पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई.22 वर्षीय फरियादिया अपेक्षा बारोलिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि रात करीब 9.30 बजे इंदरगढ़ होटल के सामने मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाश उनका आईफोन 16 प्रो झपटकर फरार हो गए.
इसी तरह अन्य फरियादियों संस्कार गुप्ता, विष्णु मालवीय और धर्मेंद्र कुमार ने भी अलग अलग स्थानों पर मोबाइल छीने जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. फरियादियों द्वारा बताए गए हुलिये के आधार पर विजयनगर थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई. घटना की सूचना मिलते ही पहले से बीट भ्रमण ड्यूटी में लगी पुलिस टीम सक्रिय हुई. टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, भागने के रास्तों की पहचान की और मुखबिर तंत्र को अलर्ट किया. इसके बाद पुलिस ने दो मोटरसाइकिल सवार आरोपियों 22 वर्षीय कृष्ण मालवीय और 24 वर्षीय चेतर उर्फ गोलू कहार को गिरफ्तार किया है.
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर शहर की कम भीड़भाड़ वाली सड़कों पर घूमते थे और अकेले मोबाइल हाथ में लेकर चलने वाले राहगीरों को निशाना बनाते थे. इसके अलावा पार्किंग स्थलों पर खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे. आरोपियों के कब्जे से आईफोन 16 प्रो सहित 8 महंगे मोबाइल फोन और 5 मोटरसाइकिल जप्त की गई हैं. पुलिस ने दोनों आरोपियों का न्यायालय से रिमांड लेकर पूछताछ की, जिसमें अन्य चोरी की मोटरसाइकिलों की जानकारी मिली है, जिनकी बरामदगी की जा रही है.
