रविवार को भारत ने इतिहास रच दिया. नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2025 आईसीसी वनडे विश्व कप का खिताब जीतकर वह कारनामा कर दिखाया, जिसका इंतजार पीढिय़ों से था. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराया और महिलाओं के क्रिकेट में अपना पहला विश्व खिताब हासिल किया. यह केवल एक खेल उपलब्धि नहीं, बल्कि उस सामाजिक बदलाव का प्रतीक है जो भारत में खेल संस्कृति के स्तर पर घटित हो रही है. पिछले दो दशकों में भारत ने वैश्विक क्रिकेट पर सम्पूर्ण प्रभाव स्थापित कर लिया है. पुरुष टीम पहले ही टेस्ट, वनडे और टी20 — तीनों प्रारूपों में शीर्ष स्थान पर है. महिला टीम की यह जीत इस दबदबे को एक नई ऊंचाई देती है. अब दुनिया स्वीकार कर रही है कि भारत न केवल क्रिकेट का आर्थिक केंद्र है, बल्कि खेल प्रदर्शन में भी अग्रणी है.क्रिकेट अब केवल बड़े शहरों या अभिजात वर्ग का खेल नहीं रहा. आज देश के सुदूर गांवों और कस्बों से खिलाड़ी उभर रहे हैं, जो सीमित संसाधनों में भी विश्वस्तरीय प्रदर्शन कर रहे हैं. शेफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा जैसी खिलाडिय़ों की कहानियां इस बदलाव की गवाही देती हैं. उत्तर प्रदेश, हरियाणा, झारखंड और मणिपुर जैसे राज्यों से निकलकर भारतीय खिलाड़ी अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के आत्मविश्वास की पहचान बन चुके हैं. इस क्रांति के केंद्र में वह आर्थिक ढांचा है जिसने क्रिकेट को उद्योग का रूप दिया है. इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) आज दुनिया की सबसे धनाढ्य और लोकप्रिय खेल लीगों में से एक है. इसके साथ महिला प्रीमियर लीग (डब्लूपीएल) ने भी महिला क्रिकेट के लिए स्थायी मंच तैयार किया है. इन आयोजनों ने न केवल खिलाडिय़ों को आर्थिक स्वतंत्रता दी है, बल्कि हजारों नौकरियों का सृजन भी किया है — कोचिंग, इवेंट मैनेजमेंट, खेल पत्रकारिता, मर्चेंडाइजिंग, विज्ञापन और ब्रॉडकास्टिंग में नई संभावनाएं खुली हैं.क्रिकेट ने भारत की अर्थव्यवस्था में परोक्ष रूप से भी नई ऊर्जा भरी है. टूर्नामेंट्स के दौरान पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में उछाल आता है, स्टेडियम विकास से स्थानीय बुनियादी ढांचा सुधरता है और छोटे उद्योगों के लिए बाजार सक्रिय होता है. भारत में खेल अब मनोरंजन से आगे बढक़र आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बन चुका है. महिला विश्व कप की यह जीत केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रहेगी. यह पूरे भारतीय खेल जगत के लिए प्रेरणा है. जब महिला खिलाड़ी वैश्विक मंच पर देश का झंडा फहराती हैं, तो वह उस सोच को तोड़ती हैं जो वर्षों से खेल को पुरुष-प्रधान मानती रही है. सरकार और निजी क्षेत्र द्वारा अब खेल संरचना, फिटनेस और प्रतिभा विकास में निवेश बढ़ाने की संभावना और मजबूत हुई है. यह क्षण केवल एक ट्रॉफी जीतने का नहीं, बल्कि उन असंख्य संभावनाओं के उजागर होने का है जो भारत को वास्तविक ‘स्पोर्ट्स नेशन’ बनाने की दिशा में ले जा रही हैं. हर मैदान पर अब यह आवाज गूंज रही है कि खेल किसी वर्ग या लिंग की सीमाओं में बंधा नहीं है. टीम इंडिया की यह ऐतिहासिक सफलता उस भारत की घोषणा है जो आत्मविश्वास से विश्व खेल मानचित्र पर छा गया है, एक ऐसा भारत जिसने क्रिकेट को न केवल खेल बल्कि राष्ट्रीय अस्मिता और आर्थिक प्रगति का प्रतीक बना दिया है.
