
शाजापुर। नगर से गुजरे नेशनल हाईवे पर मझानिया पेट्रोल पंप के सामने बालाजी होटल के पास पिकअप वाहन पलट गया. गुरुवार रात करीब 11 बजे हुई घटना गाय को बचाने में हुई. इस दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन पलट गया. गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ. कोतवाली थाने के एसआई राहुल पोरवाल के अनुसार पिकअप चालक सत्येंद्र रावत मऊ से झांसी की ओर पत्ता गोभी ले जा रहा था. वह गडोटा थाना डबरा का निवासी है. पीछे से आ रहे वाहनों ने समय पर ब्रेक लगा ली. नहीं तो हादसा गंभीर हो जाता. हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप को साइड में लगवाकर यातायात सुचारू करवाया. स्थानीय निवासी सुमित ने बताया कि नेशनल हाईवे पर मवेशी झुंड बनाकर खड़े रहते हैं. इससे वाहन चालकों को परेशानी होती है. नेशनल हाईवे प्राधिकरण समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है. स्थानीय लोगों ने अधिकारियों से जल्द कार्रवाई की मांग की है.
