इंदौर: हवलदार रंजीत सिंह की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रहीं. राधिका नाम की युवती ने शनिवार तड़के सोशल मीडिया पर दो और पोस्ट साझा कीं, जिनमें उसने रंजीत पर एक अन्य महिला से पैसों की मांग करने का आरोप लगाया है. युवती ने इसके साथ एक ऑडियो क्लिप भी सार्वजनिक की है और दावा किया है कि जल्द ही वह महिला भी सामने आकर रंजीत के खिलाफ खुलासा करेगी.
रंजीत सिंह की तबीयत शुक्रवार को बिगड़ गई थी. सीने में दर्द और घबराहट के चलते उन्हें शेल्बी अस्पताल में भर्ती कराया था, अस्पताल मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. विवेक जोशी ने बताया कि शुरुआती जांच में ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ पाया था. फिलहाल उनकी हालत स्थिर है, बीपी सामान्य हो चुका है.
आईसीयू से वार्ड में शिफ्ट कर दिया है और यदि सब कुछ ठीक रहा तो रविवार को डिस्चार्ज किया जा सकता है. डॉक्टरों के अनुसार उनकी कोई पुरानी मेडिकल हिस्ट्री नहीं है. गौरतलब है कि राधिका इससे पहले भी दो वीडियो जारी कर रंजीत पर गंभीर आरोप लगा चुकी है. वहीं, रंजीत के करीबी लोगों का कहना है कि वे अपना पक्ष विभाग के समक्ष रख चुके हैं.
