दुबई (वार्ता) अफगानिस्तान के स्पिनर नूर अहमद और मुजीब उर रहमान को आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल 1 का उल्लंघन करने पर एक-एक डिमेरिट अंक दिया गया है।
अबू धाबी में गुरुवार को एशिया कप में श्रीलंका के साथ हुए मैच के दौरान यह घटना हुई।
नूर को आर्टिकल 2.8 का उल्लंघन करते हुए पाया गया। यह आर्टिकल अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान अंपायर के फ़ैसले पर असहमति दिखाने से संबंधित है। जबकि मुजीब पर आर्टिकल 2.2 का उल्लंघन करने का आरोप लगा, जोकि ‘क्रिकेट उपकरण, कपड़े, ग्राउंड उपकरण या फिटिंग्स का दुरुपयोग करने’ से संबंधित है।
मुजीब ने मैच के दौरान अपने तौलिये से स्टंप तोड़ दिए थे। नूर ने श्रीलंका की पारी के 16वें ओवर में असहमति जताई थी, जब अंपायर ने उनकी एक गेंद को वाइड करार दिया था।
मैदान पर मौजूद अंपायर आसिफ याक़ूब और वीरेंद्र शर्मा, तीसरे अंपायर फैसल अफरीदी और चौथे अंपायर रोहन पंडित ने दोनों खिलाड़ियों पर यह आरोप लगाए। दोनों खिलाड़ियों ने अपने अपराध स्वीकार कर लिए और मैच रेफरी रिची रिचर्डसन द्वारा प्रस्तावित सजा को मान लिया, इसलिए औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।
