
जबलपुर। कोतवाली थाना अंतर्गत अंधेरदेव जामा मस्जिद के पीछे नामचीन ब्रांड पूमा के नाम पर हूबहू दिखने वाले नकली कपड़े और एसेसरीज बेचने वाले दो बड़े थोक व्यापारियों के यहां पुलिस ने दबिश देकर भारी मात्रा में नकली माल जब्त किया है, जिसकी कुल कीमत लगभग 1 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दोनों दुकान संचालकों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
एल्यूडिकेशन एडवोकेट एंड सॉलिसिटर्स लॉ फर्म गोनेका अपार्टमेंट, वेस्ट पंजाबी बाग, नई दिल्ली के जांच अधिकारी मयंक शर्मा 25 वर्ष, निवासी सावरिया नगर, इंदौर ने जबलपुर आकर कोतवाली थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि कोतवाली क्षेत्र की कुछ दुकानों में पूमा कंपनी के लोगो का अवैध इस्तेमाल कर नकली कपड़े, पर्स और कैप बेचे जा रहे हैं, जिससे कंपनी और ग्राहकों दोनों को धोखा दिया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) आयुष जाखड़ एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली रीतेश कुमार शिव के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी मानस द्विवेदी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से अंधेरदेव जामा मस्जिद के पीछे स्थित दो होलसेल दुकानों पर एक साथ दबिश दी।
इन दो दुकानों से बरामद हुआ नकली सामान:
अग्रवाल स्पोर्ट्स संचालक जितेंद्र अग्रवाल 33 वर्ष, निवासी गंगामैया, व्हीएफजे रांझी की सघन तलाशी लेने पर पूमा कंपनी के नाम और लोगो वाले 322 नकली लोवर, 116 नकली टी-शर्ट और 80 सैंडो टी-शर्ट बरामद हुए। आर.के. बेल्ट संचालक कमल मंगलानी 34 वर्ष, निवासी पंचशील नगर, ग्वारीघाट से पुलिस ने पूमा कंपनी के हूबहू दिखने वाले 155 नकली कैप टोपी और 30 नकली पर्स जब्त किए।
