सतना: जिले के जैतवारा थाना अंतर्गत कोठरा गांव में दिनदहाड़े एक सूने घर से 45 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने चोरी हो गए। यह घटना सोमवार को तब हुई, जब परिवार महज दो घंटे के लिए घर पर ताला लगाकर देवी दर्शन करने के लिए निकला था।मौका देखते ही चोरों ने घर के बाहर का ताला तोड़कर प्रवेश किया। इसके बाद, उन्होंने तीन कमरों में रखी अलमारियों के लॉकर तोड़ दिए और उनमें रखे गहने व कुछ नकदी लेकर फरार हो गए।
दो घंटे बाद जब परिजन वापस लौटे तो उन्हें एक ओर जहां दरवाजे आलमारी और लॉकर खुला हुआ मिला वही दूसरी ओर घर का सारा सामान बिखरा हुआ नजर आया।बताया गया कि इस मकान में रविराज, जो जैतवारा नगर परिषद में फायरमैन के पद पर कार्यरत हैं, उनके माता-पिता और दो भाइयों का परिवार भी रहता है। हाल ही में रविराज सिंह की बहन भी मायके आई हुई थीं।
देवी दर्शन को गया था परिवार
सोमवार को रविराज के भांजे का जन्मदिन था। इसी अवसर पर पूरा परिवार सुबह लगभग 9:30 बजे भरजुना स्थित देवी मंदिर गया हुआ था। रविराज अपनी ड्यूटी पर जैतवारा में थे। लगभग दो घंटे बाद जब परिवार मंदिर से लौटा, तब उन्हें चोरी का पता चला। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया। प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
