एसपी कार्यालय का घेराव करने पहुंचे कांग्रेसी एफआईआर पर अड़े और बैठ गए धरने पर

रीवा, रविवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई मामूली झड़प के बाद सोमवार को कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. कांग्रेस जिला अध्यक्ष और रीवा महापौर अजय मिश्रा ‘बाबा’ के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया और कार्यवाही की मांग की.

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन और सत्ताधारी दल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. दरअसल पूरे विवाद की शुरुआत रविवार को हुई, जब भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर ‘वंदे मातरम’ के अपमान का आरोप लगाते हुए एक कैंडल मार्च निकाला था. भाजपा का यह कैंडल मार्च प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने पहुंचा था. इस दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया. दोनों पक्षों के बीच झड़प की स्थित बन गई. कांग्रेस ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि 16 अगस्त को रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा एवं भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए कांग्रेस कार्यालय के समक्ष भाजपाइयों द्वारा पत्थर बाजी कर कांग्रेस जनों को चोटिल करने एवं एक अनुसूचित जाति की महिला के ऊपर जूता फेंक जातिसूचक अपशब्दों का उपयोग कर अपमानित किया गया है. कांग्रेस अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि पुलिस प्रशासन की उपस्थिति में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पत्थरबाजी करने एवं जूता फेंककर दलित महिला को अपमानित करने की जो घटना हुई है उसको न रोक पाने में विफल पुलिस कर्मियों के विरूद्ध कार्यवाही की जाए. पत्थरबाजी एवं अनुसूचित जाति की महिला के ऊपर जूता फेंककर जाति सूचक शब्दों से उसे अपमानित करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध एफ आई आर दर्ज कराई जाए. एफ आई आर दर्ज न कराने की कार्यवाही से असंतुष्ट कांग्रेस जनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समक्ष धरने पर बैठ गए और वहीं पर प्रशासन के विरुद्ध नारे बाजी करते रहे. पुलिस अधीक्षक द्वारा घटना की फुटेज प्राप्त होने पर पहचान कर दोषियों के विरूद्ध कार्यवाही का आश्वासन दिया. लेकिन कांग्रेसी एफआईआर दर्ज करने की अपनी मांग पर अड़े रहें. पुलिस अधीक्षक द्वारा दी गई समझाइश एवं आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया गया. साथ ही चेतावनी दी गई कि दोषियों पर कार्यवाही नही होती तो कांगे्रस आंदोलन करेगी. इस दौरान शहर अध्यक्ष अशोक पटेल झब्बू, नीलम मिश्रा, विद्यावती पटेल, राजेन्द्र मिश्रा, शीला त्यागी, संगठन ग्रामीण महासचिव रवि तिवारी, शहर महासचिव सज्जन पटेल, बबिता साकेत आदि मौजूद रहे.

Next Post

राजस्व अभिलेखों में गड़बड़ी, पटवारी दीवान सिंह निलंबित

Mon Aug 17 , 2026
ग्वालियर। कलेक्टर रुचिका चौहान को प्राप्त शिकायत की जांच में राजस्व अभिलेखों से संबंधित कार्यों में अनियमितता प्रमाणित पाए जाने पर एसडीएम ग्वालियर सिटी ने पटवारी दीवान सिंह राजपूत को निलंबित कर दिया है। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने शिकायत प्राप्त होने के बाद एसडीएम ग्वालियर सिटी को मामले की जांच […]

You May Like