इंदौर: इंदौर का चिड़ियाघर एक बार फिर अपने नए और अनोखे आकर्षण को लेकर सुर्खियों में है. कई दिनों से चल रहा बहुप्रतीक्षित 14डी थिएटर अब पूरी तरह बनकर तैयार हो गया है. महापौर और उनकी टीम ने चिड़ियाघर पहुंचकर थिएटर का अनुभव लियाऔर एनिमल फिल्म के जरिए 14डी तकनीक के रोमांच का अनुभव किया. इसके साथ ही थियेटर का ट्रायल हुआ जो सफलता पूर्वक पूर्ण हुआ.
थिएटर में फिल्म देखने के दौरान दर्शकों को विशेष चश्मा पहनना होगा. इसके बाद स्क्रीन पर दिखाई देने वाले जंगल और वन्यजीवों के दृश्य सामान्य फिल्म से बिल्कुल अलग नजर आएंगे. 14डी तकनीक दर्शकों को ऐसा अनुभव देने के लिए तैयार की गई है, मानो वे खुद जंगल सफारी का हिस्सा हों.
दो-तीन महीने की देरी के बाद तैयार हुआ थिएटर
14डी थिएटर अपने निर्धारित समय से करीब दो से तीन महीने की देरी से तैयार हुआ है. लेकिन अब थिएटर पूरी तरह तैयार है और ट्रायल भी सफलतापूर्वक किया जा चुका है. महापौर, एमआईसी सदस्यों और अन्य लोगों ने थिएटर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
बच्चों के लिए बनेगा डिजिटल एजुकेशन हब
चित्र- उत्तम यादव
अधिकारियों के मुताबिक यह थिएटर सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं होगा, बल्कि बच्चों के लिए डिजिटल एजुकेशन हब के रूप में भी काम करेगा। यहां बच्चों की रुचि के अनुरूप वन्यजीवों और प्रकृति से जुड़ी फिल्में दिखाई जाएंगी. डिजिटल तकनीक के माध्यम से बच्चे जंगल, वन्यजीव और जंगल सफारी को करीब से देखने और महसूस करने का अनुभव ले सकेंगे. डॉ. उत्तम यादव ने बताया कि 14डी थिएटर का उद्घाटन पहले 15 अगस्त को प्रस्तावित था, लेकिन मुख्यमंत्री के कार्यक्रम और व्यवस्थाओं को देखते हुए अब इसका शुभारंभ 16 अगस्त को किया जाएगा.
मध्य प्रदेश का अपनी तरह का पहला थिएटर
यह थिएटर अपनी तरह का मध्य प्रदेश का पहला 14डी थिएटर बताया जा रहा है. ऐसे में इंदौर जू आने वाले पर्यटकों के लिए यह नया आकर्षण खासा रोमांचक होने वाला है. खासकर बच्चों के लिए वन्यजीवों की दुनिया को मनोरंजन और आधुनिक तकनीक के साथ समझने का यह नया अनुभव होगा. अब तक चिड़ियाघर में वास्तविक वन्यजीवों को देखने का रोमांच मिलता था, लेकिन 14डी थिएटर के जरिए दर्शक डिजिटल जंगल सफारी का अनुभव भी ले सकेंगे. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 16 अगस्त को इसका औपचारिक शुभारंभ करेंगे, जिसके बाद आम दर्शकों के लिए भी यह नया आकर्षण शुरू होने की उम्मीद है.
