इंदौर:शुक्रवार को शहर में सुबह से लेकर देर शाम तक कई स्थानों और सड़कों पर यातायात जाम लगा रहा. इसके कारण आम जनता परेशान होती रही और वाहन चालक दुखी होकर पुलिस एवं प्रशासन को कोसते नजर आए.आज शहर में सुबह से ही अलग अलग क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा और अन्य कार्यक्रमों के जुलूस से दिनभर यातायात जाम लगा रहा. शहर के राजबाड़ा, जवाहर मार्ग, पटेल ब्रिज, हरसिद्धि, यशवंत रोड़, महूनाका, गंगवाल बस स्टैंड, बड़ा गणपति, मारीमाता चौराहे, एमजी रोड़, श्रीकृष्ण टॉकीज से शास्त्री ब्रिज, पाटनीपुरा, मालवा मिल, नवलखा से शिवाजी वाटिका तक, एबी रोड पर विजय नगर चौराहा, सत्यसांई चौराहा, एलआईजी चौराहा, पलासिया, रीगल चौराहे, रेसकोर्स रोड़ जंजीरवाला चौराहे से इंडस्ट्री हाउस चौराहा, संजय सेतु, रिवर साइड रोड पर यातायात लगातार जाम होता रहा. इस दौरान यातायात पुलिस जवान कहीं नजर आए और कहीं गायब थे. यातायात पुलिस के जवान जहां मौजूद थे, वहां ट्रैफिक जाम ज्यादा देर तक नहीं रहा, लेकिन जहां ट्रैफिक पुलिस जवान गायब थे, वहां ट्रैफिक जाम खोलने वाला कोई नहीं था. कुछ आम जन ही यातायात सुगम करने में लगे दिखाई दिए.
