इंदौर: बाईपास पर शुक्ला ब्रदर्स की बस से हुए दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत के बाद भी बसों की रफ्तार कम नहीं हो रही है, गोलू लिखी बसें अब भी सड़कों पर अंधाधुंध दौड़ रही हैं. लापरवाह संचालन से गुस्साए लोगों और संगठनों ने खुलकर विरोध दर्ज कराया.सांवेर में करणी सेना ने ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी थी कि यदि बस ऑपरेटरों ने नियमों का पालन नहीं किया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.
इसी दौरान शुक्ला ब्रदर्स की ही एक बस का चालक कार्यकर्ताओं से भिड़ गया. आरोप है कि ड्राइवर ने शराब पी रखी थी और उसने न केवल बदतमीजी की बल्कि लापरवाह अंदाज में बस चला रहा था. ड्राइवर की हरकतों से नाराज करणी सेना कार्यकर्ताओं का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने मौके पर ही उसकी जमकर पिटाई कर दी.
घटना के बाद लोगों ने दो टूक कहा कि अब और लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी. गौरतलब है कि बाईपास हादसे में चार लोगों की मौत के बाद से क्षेत्रीय लोग लगातार बसों की तेज रफ्तार और नियम खिलाफ संचालन का विरोध कर रहे हैं. करणी सेना ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे.
