सतना :जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बांधी मौहार के निकट आकाशीय बिजली के कहर ने एक ओर जहां एक महिला की जान ले ली वहीं दूसरी ओर बालक समेत 3 लोग बुरी तरह घायल हो गए. घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है.प्राप्त जानकारी के अनुसार हर रोज की तरह बुधवार को भी बांघी मौहार के मंटोलवा निवासी चरवाहे बकरियां चराने के लिए जंगल की ओर गए थे.
शाम होने पर वे सभी वापस लौटने लगे. लेकिन इसी दौरान अचानक घनघोर अंधेरा छा गया और गरज चमक शुरु हो गई. जिसे देखते हुए चरवाहों ने लौटने की गति बढ़ा दी. लेकिन इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली लपकते हुए नीचे गिरी. जिससकी चपेट में आने के कारण एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि उसके साथ साथ चल रहा 12 वर्षीय बालक और दो व्यक्ति बुरी तरह घायल हो गए.
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण भागकर मौके पर पहुंचे और सभी को ट्रैक्टर ट्राली पर लादकर उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया. लेकिन अस्पताल में ड्यूटी डाक्टर द्वारा महिला राजकुमारी कोल को ब्रॉट डेड घोषित कर दिया गया. जबकि 12 वर्षीय बालक समेत दोनों व्यक्तियों को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है. घायलों की हालत स्थिर बताई गई
