
इटारसी। शुक्रवार देर रात करीब डेढ़ बजे रेलवे माल गोदाम से खाली ट्रक चोरी चला गया। पुलिस सीसीटीवी देख रही है। ट्रक का नंबर (MP 09 HG 6139) है। यह परमीत सिंह भाटिया के नाम पर रजिस्टर्ड है।
इटारसी में दो महीने में ट्रक चोरी का दूसरा मामला है। ट्रक मालिक परमीत सिंह भाटिया ने बताया कि शनिवार सुबह जब माल गोदाम पहुंचे, तो ट्रक नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस कर रही जांच
जीआरपी थाना प्रभारी संजय चौकसे ने बताया कि ट्रक की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। रेलवे स्टेशन रोड पर लगे सीसीटीवी फुटेज में ट्रक निकलता दिखाई दिया। इसी आधार पर जांच की जा रही है।
दो महीने में दो ट्रक चोरी
इससे पहले, 30 दिसंबर को औद्योगिक खेड़ा स्थित गोदाम से सीमेंट की बोरियों से भरा ट्रक चोरी हो गया था। इसकी तलाश अभी जारी है। वह ट्रक सुरेंद्रपाल सिंह भाटिया का था, उसे अनलोडिंग के लिए रेक में लगाया गया था। शाम करीब 7 बजे अनलोडिंग का काम बंद हो गया। इसके बाद ट्रक को अगले दिन सुबह खाली किया जाना था, लेकिन सुबह जब ड्राइवर वेयरहाउस पहुंचा, तो वह गायब था।
