
सिंगरौली। भारतीय जनता पार्टी के “गाँव चलो, बस्ती चलो” अभियान के अंतर्गत सिंगरौली विधानसभा के जयंत मंडल में जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विधायक रामनिवास शाह ने किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों के बीच पहुंचकर आत्मीय संवाद स्थापित किया और क्षेत्रवासियों की समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना।
इस मौके पर विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि “जनता की हर समस्या का त्वरित और प्रभावी समाधान हमारी प्राथमिकता है। भाजपा सरकार और संगठन हमेशा जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध है।” उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी और अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं। विधायक ने सभी विषयों पर संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि “गाँव चलो, बस्ती चलो” अभियान का उद्देश्य आमजन तक पहुंचकर उनकी जरूरतों को समझना और जमीनी स्तर पर समस्याओं का समाधान करना है।
इस अवसर पर जिले के संगठन प्रभारी विनोद यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे, जिला उपाध्यक्ष विजया सिंह, जयंत मंडल अध्यक्ष कमलेश वर्मा, महामंत्री राजेश शाह, उपाध्यक्ष आशीष वैश्य सहित पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।
