जबलपुर: वर्ष 2025-26 की कक्षा 5वीं एवं 8वीं की पुन: परीक्षा 16 जून से शुरू हो रही है। यह 23 जून तक चलेगी। इस परीक्षा में सत्र 2025-26 की मुख्य परीक्षा में अनुत्तीर्ण एवं अनुपस्थित विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे। परीक्षा सुबह 10 बजे से शुरू होगी।
उल्लेखनीय है कि शासकीय, मान्यता प्राप्त अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त शालाओं और पंजीकृत मदरसों में अध्ययनरत कक्षा 5 व 8 के विद्यार्थियों की पुन:परीक्षा सत्र 2025-26 का आयोजन 16 से 23 जून 2026 की अवधि में किया जाएगा।
पुन:परीक्षा के लिए प्रश्नपत्रों की गोपनीयता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रश्नपत्रों की ऑन स्पॉट प्रिंटिंग परीक्षा केन्द्र पर केन्द्राध्यक्ष द्वारा की जाएगी। परीक्षा पोर्टल से प्रश्नपत्रों को डाउनलोड एवं प्रिंट करने के लिए जिला परियोजना समन्वयक को नोडल अधिकारी बनाया गया है। परीक्षाओं के निर्बाध संचालन के लिए राज्य शिक्षा केन्द्र के निर्देश पर प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर न्यूनतम 02 कम्प्यूटर/लैपटॉप, 02 कार्यशील प्रिंटर, इंटरनेट, पर्याप्त ए-4 साईज पेपर, टोनर की उपलब्धता एवं सुगम विद्युत व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
