जबलपुर: घमापुर थाना अंतर्गत सिद्धबाबा रामलीला मैदान के पास बदमाशों ने युवक पर पर जानलेवा हमला कर दिया। मुख्य आरोपी ने युवक की छाती पर पिस्टल तानकर ट्रिगर दबा दिया, लेकिन मिसफायर होने की वजह से युवक की जान बाल-बाल बच गई। इसके बाद आरोपियों ने युवक को पकड़कर पिस्टल के बट से मारकर उसे लहूलुहान कर दिया। घायल को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया घमापुर के सिद्धबाबा रामलीला मैदान के पास रहने वाला 30 वर्षीय अनमोल डेनियल एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। वह रामलीला मैदान के सामने स्थित कल्लू के भतीजे की दुकान पर अंडा खाने गया था। जब वह अंडा खाकर अपनी मोटरसाइकिल से वापस घर की तरफ निकल रहा था, तभी दुकान के पास खड़े कुछ लड़के सरेआम गालियां बक रहे थे। गाली देते देख अनमोल ने उन्हें नसीहत दी और गाली देने से मना किया।
इतनी सी बात पर वहां मौजूद बदमाश भड़क गए। इसी बीच मुख्य आरोपी शुभम सोनकर अपने तीन अन्य साथियों के साथ वहां पहुंच गया। शुभम ने अनमोल को धमकाते हुए कहा कि तुम हमारे बीच में बोलने वाले कौन होते हो? और सीधे अपनी कमर से पिस्टल निकालकर अनमोल पर फायर कर दिया। गनीमत रही कि गोली नहीं चली और मिसफायर हो गया।
फायर मिस होते ही शुभम के तीनों साथियों ने अनमोल को चारों तरफ से दबोच लिया, ताकि वह भाग न सके। इसके बाद शुभम सोनकर ने जान से मारने की नीयत से पिस्टल के भारी-भरकम बट से अनमोल के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार किए। सिर फटने से अनमोल खून से लथपथ होकर वहीं गिर गया और चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर उसके दोस्त लक्ष्मण उर्फ कल्लू और लड्डू उर्फ ऋषभ कोरी उसे बचाने के लिए दौड़े। दोस्तों को अपनी तरफ आता देख शुभम सोनकर अपने तीनों मददगार साथियों सहित अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला।लहूलुहान हालत में दोस्तों ने अनमोल को तुरंत इलाज के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मुख्य आरोपी शुभम सोनकर और उसके तीन साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
