मां से सोने की चेन-पर्स छीना, बचाने आई बेटी पर चढ़ाई स्कूटी, हालत गंभीर

जबलपुर‌: माढ़ोताल थाना अंतर्गत कठौंदा रोड पर सोमवार को दिनदहाड़े बेखौफ स्कूटी सवार बदमाश ने रास्ता पूछने के बहाने मां-बेटी को रोका और महिला के गले से सोने की पंचाली व नकदी से भरा पर्स छीन लिया। जब बेटी ने मां को बचाने के लिए हाथ में लकड़ी उठाई, तो बदमाश ने उस पर स्कूटी चढ़ा दी और कुचलते हुए भाग निकला।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम खजरी अधारताल निवासी अनीता चौधरी (42 वर्ष सोमवार अपनी बेटी उमा के साथ पैदल प्रभात नगर जा रही थीं। दोपहर के वक्त जैसे ही दोनों बाईपास से प्रभात नगर कठौंदा रोड मोड़ के पास स्थित ट्रांसफार्मर के पास पहुँचीं, तभी सामने से स्कूटी पर एक शातिर युवक आया। उसने अनजान बनकर महिला से पता पूछना शुरू किया।
महिला कुछ समझ पाती, इसके पहले ही युवक ने झपट्टा मारकर अनीता के गले से सोने की पंचाली और कंधे पर टंगा पर्स लूट लिया। पर्स में 10 हजार रुपये कैश और जरूरी दस्तावेज थे। मां को मुसीबत में देख बेटी उमा ने हिम्मत दिखाई और सड़क किनारे पड़ी लकड़ी उठाकर लुटेरे को रोकने के लिए दौड़ पड़ी। खुद को घिरता देख स्कूटी सवार ने बेरहमी से उमा के दाहिने पैर पर तेज रफ्तार गाड़ी चढ़ा दी।
स्कूटी की जोरदार टक्कर से उमा हवा में उछलकर सड़क पर गिर गई। उसके सिर, कमर और दाहिने पैर में गंभीर चोटें आई हैं, उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी स्कूटी से बाईपास की तरफ तेजी से भाग निकला। पुलिस ने अज्ञात स्कूटी सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि हुलिये के आधार पर लुटेरे को जल्द से जल्द दबोचा जा सके।

Next Post

ब्लैकमेलिंग, अवैध वसूली कतई बर्दाश्त नहीं होगी: एसपी

Tue Jun 16 , 2026
जबलपुर: पत्रकारिता की आड़ में ब्लैकमेलिंग और अवैध गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई होगी। ब्लैकमेलिंग, अवैध वसूली कतई बर्दाश्त नहीं होगी। यह बातें पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने कथित फर्जी पत्रकारों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में हुई बैठक मेें कहीं है। सोमवार को कलमवीर संघर्ष संगठन के […]

You May Like