18 लाख की गिफ्ट डीड, 1.05 लाख के कट्टे… ऐशबाग हत्याकांड में चौंकाने वाले खुलासे

भोपाल। चर्चित ऐशबाग बुजुर्ग दंपती हत्याकांड की जांच में पुलिस ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। जांच के मुताबिक यह दोहरी हत्या करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पने के लिए रची गई एक सुनियोजित साजिश थी। पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद मुख्य आरोपी श्रीकांत और उसके भाई शशिकांत को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अब पुलिस डिजिटल, फॉरेंसिक और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर मजबूत चार्जशीट तैयार कर रही है।

जांच में सामने आया कि आरोपी श्रीकांत ने बुजुर्ग दंपती का मकान अपने नाम कराने के लिए गिफ्ट डीड पर करीब 18 लाख रुपये खर्च किए थे और शकुंतला को 3 लाख रुपये नकद भी दिए थे। करोड़ों की संपत्ति जल्द हासिल करने के लालच में उसने हत्या की साजिश रची। अपने भाई शशिकांत को भी मकान बिकने के बाद आधी रकम देने का लालच देकर इस वारदात में शामिल किया गया।

पुलिस ने यह भी खुलासा किया है कि हत्या में इस्तेमाल किए गए दो देशी कट्टे 1 लाख 5 हजार रुपये में मालवा क्षेत्र से खरीदे गए थे। अब जांच का फोकस अवैध हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क पर है। वहीं, आरोपी की भाभी शिवानी को हत्या के मामले में क्लीन चिट दे दी गई है, लेकिन उनके प्लॉट की बिक्री में 10 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी की जांच अलग से जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी सबूतों को जोड़कर आरोपियों के खिलाफ मजबूत केस तैयार किया जा रहा है, ताकि अदालत में उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।

Next Post

UCC पर जीतू पटवारी का बड़ा हमला, बोले सरकार जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटका रही 

Tue Jul 21 , 2026
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा में समान नागरिक संहिता (UCC) विधेयक पेश होने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने विधेयक का विरोध करते हुए कहा कि यूसीसी राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र का विषय नहीं है। उनका आरोप है कि भाजपा सरकार बेरोजगारी, […]

You May Like