रेहटी। देवीधाम सलकनपुर में स्वतंत्रता दिवस पर श्रद्धालुओं के साथ मारपीट की घटना सामने आई. गेट नंबर 1 पर वाहन प्रवेश शुल्क को लेकर शुरू हुआ विवाद दर्शन के बाद मारपीट तक पहुंच गया. थाना भंवरासा जिला देवास से मां विजासन के दर्शन करने आए श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि मंदिर परिसर से लौटने के दौरान तीन-चार लोगों उनके साथ मारपीट की. पीडि़तों ने घटना के बाद रेहटी थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर तीन आरोपियों को नामजद किया है. जिनमें कान्हा, अजय तथा एक अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं.
जानकारी के अनुसार ग्राम बिलासा, थाना भंवरासा जिला देवास निवासी जितेंद्र ओड, रोहित गौड़, प्रदीप गौड़, शिवेंद्र प्रताप सिंह राजपूत एवं सचिन चौहान अपने वाहन से देवी धाम पहुंचे थे. गेट नंबर-1 पर मंदिर समिति की ओर से दोपहिया वाहन के लिए 10 और चारपहिया वाहन के लिए 20 शुल्क रसीद के माध्यम से लिया जाता है.
श्रद्धालुओं का आरोप है कि गेट पर मंदिर ट्रस्ट के कर्मचारी रघुवीर ने उनसे 20 रुपए मांगे. उनके पास उस समय नगद राशि नहीं थी, इसलिए ऑनलाइन भुगतान करने की बात कही. कर्मचारी ने ऑनलाइन भुगतान लेने से इंकार कर दिया. इसी बात को लेकर कहासुनी हुई. श्रद्धालुओं के मुताबिक बाद में उन्होंने नकद 20 रुपए देकर रसीद ली और विवाद समाप्त कर दर्शन के लिए मंदिर परिसर में चले गए. श्रद्धालुओं का कहना है कि वाहन पार्किंग में खड़ा करने के बाद वे मंदिर में दर्शन के लिए चले गए. दर्शन और आरती के बाद जब वे वापस लौटे तो तीन-चार लोगों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया. आरोप है कि इस दौरान उनसे कहा गया कि नीचे गेट पर बहस करके आए हो.
फरियादी जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि इसी दौरान तीन लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. पीडि़तों का कहना है कि यदि शुल्क को लेकर कोई विवाद था तो मंदिर प्रबंधन अथवा सुरक्षा व्यवस्था में तैनात जिम्मेदार लोगों को मामले को वहीं सुलझाना चाहिए था. दर्शन करने आए श्रद्धालुओं के साथ इस तरह मारपीट की घटना गंभीर सवाल खड़े करती है.
घटना के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि देवी धाम सलकनपुर में प्रदेश और देशभर से लाखों श्रद्धालु आते हैं. ऐसे में यदि कोई व्यक्ति शुल्क के संबंध में जानकारी मांगता है या ऑनलाइन भुगतान की सुविधा के बारे में पूछता है तो उसके साथ विवाद और मारपीट की स्थिति नहीं बननी चाहिए.
पूर्व में भी हो चुके हैं ऐसे कई विवाद
देवीधाम में पार्किंग को लेकर विवाद कोई पहली घटना नहीं है. पिछले एक-दो वर्षों में भी पार्किंग, वाहन प्रवेश और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर छोटे-बड़े विवाद सामने आने की बात लोगों द्वारा कही जा रही है. उनका कहना है कि देवीधाम में श्रद्धालुओं की सं या लगातार बढ़ रही है, लेकिन पार्किंग क्षेत्र, मुख्य मार्ग और प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को मजबूत किए जाने की जरूरत है. कई बार पार्किंग क्षेत्र और सड़क मार्ग पर जाम की स्थिति बनती है.
