भोपाल रेलवे स्टेशन पर 6.3 किलो मेथामफेटामाइन के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार, 7.1 करोड़ की ड्रग्स जब्त

भोपाल। राजस्व खुफिया निदेशालय ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भोपाल जंक्शन रेलवे स्टेशन से एक महिला ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 6.325 किलोग्राम मेथामफेटामाइन (क्रिस्टल मेथ) बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई गई है।

डीआरआई अधिकारियों को सूचना मिली थी कि नई दिल्ली से बेंगलुरु जाने वाली ट्रेन में एक महिला तस्कर भारी मात्रा में ड्रग्स लेकर सफर कर रही है। सूचना के आधार पर 11 अगस्त 2026 को भोपाल रेलवे स्टेशन पर महिला को रोककर जांच की गई।

तलाशी के दौरान उसके काले रंग के ट्रॉली बैग में एक छिपा हुआ खांचा मिला। इस खांचे में भूरे रंग की टेप से लिपटे छह प्लास्टिक पैकेट रखे हुए थे। पैकेटों में मौजूद सफेद क्रिस्टल जैसे पदार्थ की जांच एनडीपीएस फील्ड टेस्टिंग किट से की गई, जिसमें मेथामफेटामाइन की पुष्टि हुई।

डीआरआई ने 6.325 किलो मेथामफेटामाइन जब्त कर महिला तस्कर को एनडीपीएस एक्ट-1985 के तहत गिरफ्तार कर लिया।

ग्रेटर नोएडा में सप्लायरों पर भी कार्रवाई

भोपाल में हुई कार्रवाई के बाद डीआरआई और केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की संयुक्त टीम ने ग्रेटर नोएडा में इस ड्रग नेटवर्क से जुड़े सप्लायरों को पकड़ने के लिए छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान नाइजीरियन तस्करों ने अधिकारियों को देखकर भागने की कोशिश की और खिड़की से कूदकर फरार होने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।

तलाशी में आरोपियों के पास से 2.242 किलो क्रिस्टल मेथामफेटामाइन, 50 ग्राम कोकीन और 25 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इस कार्रवाई में चार नाइजीरियन ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

विदेशी सिंडिकेट का खुलासा

डीआरआई की इस कार्रवाई से भारतीय नागरिकों को मोहरा बनाकर ड्रग तस्करी करने वाले विदेशी नेटवर्क का खुलासा हुआ है। अधिकारियों के अनुसार यह गिरोह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मादक पदार्थों की सप्लाई में सक्रिय था।

कुल मिलाकर कार्रवाई में करीब 8.6 किलोग्राम ड्रग्स जब्त की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत लगभग 7.1 करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में पांचों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत गिरफ्तार किया गया है। आगे की जांच जारी है।

Next Post

रीवा पट्टे की जमीन बचाने 2 फीट गहरे गड्ढे में धरना, अडानी कंपनी के काम को लेकर ग्रामीण का विरोध

Fri Aug 14 , 2026
रीवा, रीवा जिले के गुढ़ तहसील क्षेत्र में पट्टे की जमीन पर अडानी कंपनी द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य को लेकर विवाद सामने आया है. आरोप है कि प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में कंपनी का काम कराया जा रहा है, जहां स्थानीय जमीन धारक देशराज मिश्रा अपनी कृषि भूमि […]

You May Like