भोपाल। प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में इलाज की सुविधाएं बढ़ाने और पुराने भवनों को बेहतर बनाने के लिए सरकार ने 208 करोड़ 75 लाख रुपये मंजूर किए हैं। इस राशि से 60 सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में निर्माण, विस्तार और उन्नयन के काम होंगे। योजना के तहत खरगोन और सतना जिला अस्पताल में 26-26 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (एमसीएच) विंग बनाए जाएंगे। वहीं पांच स्थानों पर नए अस्पताल भवन तैयार किए जाएंगे।
मेहगांव, गंधवानी, बाजना, रायपुर कल्चुरियान और पलेरा में नए स्वास्थ्य संस्थानों का निर्माण होगा। प्रत्येक भवन पर करीब 12 करोड़ 47 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें ओपीडी, वार्ड, जांच और उपचार की सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
गर्भवती महिलाओं के लिए बनेंगे आठ बेड के आईसीयू
जिला अस्पतालों में गंभीर गर्भवती महिलाओं के इलाज के लिए आठ बेड के प्रसूति आईसीयू बनाए जाएंगे। नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए एनबीएसयू और एमएनसीयू की सुविधाएं भी बढ़ाई जाएंगी। गुना में 20 बेड का एमएनसीयू बनाया जाएगा, जबकि बालाघाट और उज्जैन में मौजूदा इकाइयों का विस्तार होगा। कई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी नवजात शिशु देखभाल इकाइयां शुरू की जाएंगी।
टीबी सेंटर और लैब का भी होगा उन्नयन
भोपाल के स्टेट टीबी सेंटर, स्टेट ड्रग स्टोर और आईआरएल लैब के उन्नयन पर तीन करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मंदसौर में नया जिला टीबी सेंटर बनाया जाएगा। निर्माण और उन्नयन के सभी कार्यों को 10 समूहों में बांटा गया है, ताकि काम की निगरानी और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
समयसीमा में पूरे होंगे काम
लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधीक्षण यंत्री शशि कुमार बंसल ने बताया कि 60 स्वास्थ्य संस्थानों में निर्माण और उन्नयन कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इन्हें 10 समूहों में बांटा गया है, ताकि गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में काम पूरा कराया जा सके।
