राष्ट्रपति ने 66 हस्तियों को पद्म पुरस्कार प्रदान किये

नयी दिल्ली 25 मई (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को यहां राष्ट्रपति भवन में आयोजित नागरिक अलंकरण समारोह में 66 हस्तियों को वर्ष 2026 के लिए पद्मविभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री पुरस्कार प्रदान किए।

समारोह में दो हस्तियों को पद्म विभूषण, छह को पद्म भूषण और 58 को पद्म श्री से सम्मानित किया गया।

सुप्रसिद्ध अभिनेता धर्मेन्द्र सिंह देयोल को मरणोपरांत दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। उनकी पत्नी एवं जानी मानी अभिनेत्री हेमा मालिनी ने यह पुरस्कार लिया। उनके अलावा जानी मानी वायलिन वादक डॉ. एन. राजम को भी पद्म विभूषण प्रदान किया गया।

अवधान परंपरा के महान आचार्य और लेखक डॉ. आर. गणेश, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी , उद्योगपति उदय सुरेशकुमार कोटक, भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे प्रो विजय कुमार मल्होत्रा (मरणोपरांत) , चिकित्सा क्षेत्र के अग्रणी रहे डा. कल्लीपट्टी रामासामी पलानीस्वामी और विज्ञापन जगत के अग्रणी नामों में शुमार पीयूष पांडे (मरणोपरांत) को पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

पद्म विभूषण, देश का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है जो असाधारण एवं विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है।

पद्म भूषण, देश का तीसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है जो उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है।

पद्म श्री , देश का चौथा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है जो किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है।

इन पुरस्कारों की घोषणा हर वर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर की जाती है।

इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी , लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

 

Next Post

लामिन यामल स्पेन की टीम में, रियल मैड्रिड के खिलाड़ियों नहीं मिली जगह

Mon May 25 , 2026
मैड्रिड, 25 मई (वार्ता) चोटिल फॉरवर्ड लामिन यामल को स्पेन की विश्व कप की 26 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है इसमें पहली बार रियल मैड्रिड के किसी भी खिलाड़ी को जगह नहीं मिली है। 18 साल के लामिन यामल 22 अप्रैल को बार्सिलोना के लिए खेलते समय बाएं […]

You May Like