जनपद पंचायत भगवानपुरा का लेखाधिकारी 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

इंदौर/खरगोन. पंचायत के विकास कार्यों की स्वीकृति के नाम पर कमीशन मांगने वाले जनपद पंचायत भगवानपुरा के लेखाधिकारी को लोकायुक्त टीम ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है.

उप पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त इंदौर सुनील तालान ने बताया कि प्रकरण में आवेदक राजेश पंवार, निवासी बिष्टान जिला खरगोन, पेशे से ठेकेदार हैं. उन्होंने ग्राम पंचायत हीरापुर में सीसी रोड और चेकडैम निर्माण कार्य के लिए ठहराव प्रस्ताव बनवाकर 20 जनवरी 2026 को फाइल जनपद पंचायत कार्यालय में प्रस्तुत की थी. आरोप है कि लेखाधिकारी महेंद्र सिंह चौहान ने फाइल आगे बढ़ाने के लिए उसी समय 10 हजार रुपये ले लिए और कहा कि 10 लाख रुपये के कार्य में 5 प्रतिशत सीईओ और 2 प्रतिशत स्वयं का कमीशन लगेगा. आवेदक ने इसकी शिकायत लोकायुक्त संगठन मध्य प्रदेश के पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय से की. शिकायत के सत्यापन में आरोप सही पाए गए. इस दौरान आरोपी ने दो नई फाइलों की स्वीकृति के एवज में फिर 10 हजार रुपये की मांग की. इस पर आवेदक ने अंबाह पंचायत से दो नए कार्यों के ठहराव प्रस्ताव मंजूर कराए और तय योजना के अनुसार फाइल रिश्वत राशि के साथ सौंपने की सहमति दी. गुरुवार 26 फरवरी को गठित ट्रैप दल ने खरगोन में कार्रवाई करते हुए लेखाधिकारी चौहान को आवेदक से 10 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया. आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Next Post

तीन दिवसीय कृषि मेला एवं मिलेट फूड फेस्टिवल का हुआ भव्य शुभारम्भ

Thu Feb 26 , 2026
छिंदवाड़ा। जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय कृषि मेला एवं मिलेट फूड फेस्टिवल सह रोड शो 2026 का गुरुवार को दशहरा मैदान में भव्य शुभारम्भ हुआ। शासन के निर्देशानुसार श्री अन्न (मिलेट्स) फसलों जैसे कोदो, कुटकी, सवां, ज्वार, बाजरा एवं रागी के उत्पादन, प्रसंस्करण, मूल्य […]

You May Like