
भोपाल। राज्य शिक्षक संघ से जुड़े शिक्षकों की समस्याओं को लेकर आज राज्य स्तरीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह धरना प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक टी.टी. नगर स्थित अम्बेडकर पार्क, तुलसी नगर में दिया गया। प्रदेश भर से बड़ी संख्या में शिक्षक इसमें शामिल हुए।
धरना प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों द्वारा अपनी लंबित और ज्वलंत माँगों को सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखा गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी समस्याओं पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है, जिससे उनमें असंतोष है।
प्रमुख माँगें इस प्रकार हैं
नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता का लाभ प्रदान किया जाए।
ई-टेंडरिंग जैसी अव्यवहारिक व्यवस्था को समाप्त किया जाए।
पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को पुनः लागू किया जाए।
अतिथि शिक्षकों की तर्ज पर नियमितीकरण किया जाए।
भर्ती एवं नियुक्ति से जुड़ी शर्तों को सरल व व्यावहारिक बनाया जाए।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी माँगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
