छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत मोराहा रोड पर चल रहे जुए के फड़ पर सिविल लाइन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ा है। पुलिस ने मौके से ₹34,600 नकद राशि और 52 ताश के पत्ते जब्त किए हैं।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मोराहा रोड पर सार्वजनिक स्थान पर जुए का अवैध फड़ संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर सिविल लाइन पुलिस टीम ने दबिश देकर मौके पर कार्रवाई की, जहां जुआ खेलते हुए छह लोगों को पकड़ा गया।
इस संबंध में सिविल लाइन थाना प्रभारी सतीश सिंह ने रविवार 28 दिसंबर को दोपहर 2 बजे जानकारी देते हुए बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जब्त की गई नकद राशि और ताश के पत्तों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
