दो साल से बिना नंबर चल रही कार पकड़ी, टैंकर कंटेनर से भिड़ा, ड्राइवर बचा

इंदौर. तेजाजी नगर चौराहे पर रविवार को यातायात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना नंबर चल रही कार को 2 किलोमीटर पीछा कर पकड़ा. वाहन पिछले दो साल से बिना नंबर चलाया जा रहा था और टैक्सी के रूप में उपयोग में लिया जा रहा था.

यातायात सूबेदार अमित कुमार यादव और आरक्षक आशीष ने आईटी पार्क से तेज रफ्तार में आती अर्टिगा कार को रोकना चाहा, लेकिन ड्राइवर वाहन भगा ले गया. पुलिस ने पीछा कर रालामंडल मर्जिंग प्वाइंट पर उसे पकड़ लिया. पूछताछ में चालक ने बताया कि मालिक ही उसे बिना नंबर कार चलाने को मजबूर करता है. कार में उत्तर प्रदेश से आए पर्यटक परिवार सवार था, जिन्हें महेश्वर जाना था. पुलिस ने तुरंत दूसरी टैक्सी बुलाकर परिवार को रवाना किया. रस्तोगी परिवार ने पुलिस की तत्परता के लिए आभार जताया. कार को जब्त कर विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई और 6 हजार रुपए का कोर्ट चालान बनाया. इसी दौरान दूसरी घटना में राउ गोल सर्कल से आ रहा एक टैंकर कैलोद फाटा पर खड़े कंटेनर से जा भिड़ा, टैंकर के ब्रेक फेल हो जाने से हादसा हुआ. टक्कर इतनी तेज थी कि टैंकर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर अंदर फंस गया. मौके पर मौजूद लोगों की मदद से सूबेदार अमित यादव व टीम ने चालक को बाहर निकालकर डायल 112 की मदद से अस्पताल भिजवाया. प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि यूपी नंबर का कंटेनर सड़क किनारे खड़ा था और उसका चालक नाश्ता करने गया था. हादसे में कंटेनर को भी नुकसान हुआ. घटना के बाद कंटेनर चालक मौके से भाग गया, लेकिन उसकी क्षतिग्रस्त नंबर प्लेट पुलिस ने बरामद कर ली है.

Next Post

आधी रात को तबीयत बिगड़ी तो कहां मिलेंगे डॉक्टर 

Sun Sep 21 , 2025
मंडला।जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की लचर व्यवस्था पर एक बड़ा सवाल मंडरा रहा है—आधी रात को अचानक तबीयत खराब होने पर आखिर इलाज के लिए लोग कहां जाएं ? शहर के विभिन्न मोहल्लों और कस्बों में आए दिन जबलपुर से आने वाले कथित डॉक्टर मेडिकल स्टोरों के पीछे बने छोटे […]

You May Like