
छिंदवाड़ा. शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला खजरी चौराह में स्थत वैष्णवी मिष्ठान का है, जहां सोमवार तड़के तीन नकाबपोश चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मिशन के संचालक मुकेश सूर्यवंशी ने बताया कि पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज के अनुसार, चोर सुबह करीब 4:30 बजे दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसे। सभी बदमाशों ने अपने चेहरे ढके हुए थे ताकि उनकी पहचान न हो सके। दुकान में घुसने के बाद चोरों ने महज पांच मिनट के भीतर रेफ्रिजरेटर, पाउच और अन्य सामान समेट लिया। उन्होंने दुकान का लॉकर तोडऩे की भी कोशिश की, लेकिन इसमें उन्हें सफलता नहीं मिली। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब पांच हजार रुपये के सामान की चोरी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही दुकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। क्षेत्र में हुई इस वारदात से व्यापारियों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।
