पुणे में चुनावी स्याही मिटाने एवं फर्जी मतदान को लेकर शिकायत

पुणे, 15 जनवरी (वार्ता) महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर ने पुणे में स्थानीय नगर निकाय चुनावों में मतदान प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं की उंगलियों पर लगी चुनावी स्याही को जानबूझकर मिटाने तथा फर्जी मतदान के आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग में एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।

सुश्री चाकणकर ने आरोप लगाया कि पुणे के कुछ इलाकों में मतदान के बाद लगाई गई स्याही को दोबारा मतदान कराने के लिए मिटाया जा रहा था। उन्होंने अपनी शिकायत में दावा किया कि कुछ महिलाएं इस तरह के काम में शामिल थीं।

शिकायत के मुताबिक वार्ड नंबर 34 में कई महिलाओं और यहां तक कि नाबालिगों ने भी कथित तौर पर लिक्विड या थिनर का इस्तेमाल करके अपनी उंगलियों से स्याही मिटाकर फिर से मतदान की कोशिश की। सुश्री चाकणकर ने खास तौर पर वार्ड नंबर 34 के तहत नरहे, वडगांव बुद्रुक और धायरी इलाकों की घटनाओं का ज़िक्र किया। अलग-अलग जगहों से कई शिकायतें भी मिली हैं कि मतदाताओं की उंगलियों पर लगी स्याही थिनर का इस्तेमाल करके हटाई जा सकती है।

जानकारी के अनुसार ऐसी ही एक घटना में धायरी फाटा के पास नारायणराव सनस विद्यालय पोलिंग बूथ के बाहर एक व्यक्ति कथित तौर पर वोट डालने के बाद अमिट स्याही मिटाने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया। खबर है कि उस व्यक्ति को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के कार्यकर्ताओं ने पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। यह घटना सुबह करीब 10:30 बजे हुई।इसके अलावा वसई-विरार नगर निगम चुनावों के दौरान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें (ईवीएम) में खराबी की एक घटना सामने आई, जिससे कई मतदान केन्दों पर बड़ी दिक्कत हुई।

कुछ इलाकों में ईवीएम सुबह से 30 मिनट से एक घंटे तक काम नहीं कर रही थीं। उमेलमन के वार्ड नंबर 26 में जहाँ ज़िला परिषद स्कूल, रूम नंबर 3, पोलिंग बूथ नंबर 28 में ईवीएम करीब तीन घंटे तक बंद रही। लंबे समय तक रुकावट की वजह से मतदान केन्द्रों पर उम्मीदवारों और मतदाताओं के बीच तनाव बढ़ गया।

इसके अलावा कुछ मतदान केन्द्रों से शिकायतें मिलीं कि एक खास राजनीतिक पार्टी का निशान दबाने पर मतदान नहीं हो रहा था। चुनाव आयोग के नियमों के मुताबिक अतिरिक्त ईवीएम उपलब्ध हैं और किसी भी तकनीकी खराबी की स्थिति में उन्हें 10 से 15 मिनट के अंदर बदलना होता है।

 

Next Post

आस्था का महापर्व सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक : योगी

Thu Jan 15 , 2026
लखनऊ, 15 जनवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मकर संक्रांति के पावन अवसर पर माघ मेला क्षेत्र में तीर्थराज प्रयाग की पुण्यधरा पर पधारे साधु-संतों, कल्पवासियों और श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति की अक्षुण्ण परंपरा और लोक-आस्था का यह महापर्व सामाजिक समरसता […]

You May Like

मनोरंजन