छ: घंटे की बारिश में सिंगरौली जलमग्न

सिंगरौली । ऊर्जाधानी में गुरूवार की आधी रात से लेकर शुक्रवार की अल सुबह तक झमाझम करीब 6 घंटे मूसलाधार बारिश से सिंगरौली अंचल जलमग्र हो गया। आलम यह था कि 6 घंटे तक हुई बारिश 4 इंच दर्ज की गई, जो इस साल का अत्यधिक बारिश का रिकॉर्ड माना जा रहा है। इस बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। कई पुल-पुलिया बह गई।

दरअसल सिंगरौली जिले में इन्द्र देवता गुरूवार से ही मेहरवान हुये। आलम था कि गुरूवार की रात से तेज चमक-गरज शुरू हुआ और पूरे अंचल में बारिश का दौर शुरू हो गया। आधी रात से लेकर शुक्रवार की सुबह तक झमाझम बारिश ने सिंगरौली अंचल को जलमग्र कर दिया। आलम यह था कि बिलौंजी के कई घरों में नालियों का पानी जमा होने से वार्ड क्रमांक 42 के पार्षद संतोष शाहजेसीबी लेकर नालियों को साफ कराया। उधर मध्य रात से शुक्रवार की सुबह भी सावन जैसी झड़ी लगी रहने से नदी-नाले उफान पर हैं और कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति गंभीर बनी हुई है। हरदी स्थित डॉक्टर्स कॉलोनी चारों ओर से करीब दो फीट पानी से घिर गई है। जलभराव के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित होने के साथ वाहन भी पानी में फंस रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार शासकीय नाले के जलप्रवाह में अवरोध के चलते पानी की निकासी बाधित हुई है। आरोप है कि नाले की भूमि अथवा बहाव क्षेत्र में निर्माण के कारण यह स्थिति बनी है। साथ ही वार्ड क्रमांक 41 गनियारी क्षेत्र में जोगिया बाबा तालाब भी फूटने के कगार पर पहुंच गया है। लगातार बारिश से सड़क धंस गई है। इतना ही नही चौरा टोला डीह बाबा रोड की पुलिया भी बह गई है और अब केवल पीसीसी का कुछ हिस्सा बचा है। वाहनों की आवाजाही जारी रहने से इसके भी टूटने का खतरा बना हुआ है। वहीं जिले की कई निचली बस्तियों में घरों तक पानी पहुंच गया है, जबकि पुरानी सब्जी मंडी बैढ़न की दुकानों में भी बारिश का पानी भर गया। वहीं तेज बारिश के कारण रात भर हुई तेज बारिश के कारण मकरोहर और तेलाई मार्ग हुआ क्षतिग्रस्त। जहां कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने पुल का निरीक्षण कर नगर निगम को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा परसौना का बलिया पुल उफान रहने से आवागमन बाधित हुआ। खुटार चौकी प्रभारी शीतला यादव स्टाफ के साथ बलिया पुल पहुंच बाढ़ का पानी अत्यधिक होने पर लोगों को समझाइस देती रहीं। स्थानीय प्रशासन ने आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। जिले में कल रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। ग्रामीण अंचलों में स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। ग्राम परसौना में बारिश के तांडव से एक गरीब परिवार पीड़ित वीपेन्द्र कुमार प्रजापति का आशियाना उजड़ गया है और घर में पानी भर जाने व दीवार गिर जाने के कारण पीड़ित परिवार को रात खुले आसमान के नीचे गुजारनी पड़ी।

हर्रहवा में रिलायंस के ऐश डेम में क्रैक, खेतों में फैला राखड़

गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि जिले में हुई भीषण बारिश के बीच हर्रहवा क्षेत्र स्थित रिलायंस पावर प्लांट के ऐश डेम के तटबंध में क्रैक आने से राखड़युक्त पानी आसपास के खेतों में फैल गया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। राखड़ के बहाव से कृषि भूमि और फसलों को नुकसान पहुंचने के साथ जलस्रोतों के प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने ऐश डेम की सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए तत्काल जांच की मांग की है। ग्रामीणों के मुताबिक ऐश डेम से निकला राखड़युक्त पानी खेतों तक पहुंच गया, जिससे कई स्थानों पर राखड़ जमा हो गया है। प्रभावित ग्रामीणों ने नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने तथा राखड़ के बहाव को तत्काल रोकने की मांग की है। गौरतलब है कि अप्रैल 2020 के पहले सप्ताह में इसी क्षेत्र में ऐश डेम टूटने से भयावह हादसा हुआ था।

एक दर्जन व्यक्तियों को निकाला गया सुरक्षित

ग्राम पचौर-पुलिस लाइन में फंसे 5 व्यक्ति शीला तिवारी 40 वर्ष, शिवम् तिवारी 20 वर्ष, ज्योति तिवारी 19 वर्ष, राहुल तिवारी 17 वर्ष पिता सीताराम तिवारी एवं भतीजा पीयूष तिवारी 16 वर्ष पता ग्राम सहोखर को होमगार्ड एवं एसडीआरएफ टीम द्वारा सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है एवं खुटार में 2 गाय और 8 व्यक्ति, मंझौली में 8 व्यक्ति, जरौधीं, करकौसा बिलौंजी में 4 और परसौना में 12 व्यक्ति जलभराव की स्थिति सामान्य होने पर बाहर निकल गए है।

गोपद नदी भी उफान पर, प्रशासन सतर्क

जिले में मूसलाधार हो रही बारिश के चलते गोपद नदी उफान पर है। सीधी, निगरी मार्ग पर ऐतिहातन प्रशासन ने आवाजाही पर रोक लगा दिया है। पानी खतरे की निशान पर है। लिहाजा एसपी सियाज केएम ने पुलिस बल तैनात कर दिया है,ताकि किसी भी प्रकार की कोई हादसा न हो। इधर जिले के अन्य नाले भी उफान पर हैं। पचौर मार्ग में भी नाला उफान पर आने से यहां का आवागमन दोपहर तक बंद था। फिलहाल जिले में रूक-रूक कर बारिश का दौर जारी है।

Next Post

कलेक्टर के निरीक्षण में नही मिला गुणवत्तायुक्त पोषण आहार

Fri Aug 14 , 2026
सिंगरौली । शास. प्रा.कन्या विद्यालय बैढ़न के परिसर में संचालित आंगनवाड़ी केन्द्र का कलेक्टर गौरव बैनल ने आज शुक्रवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केन्द्र में संधारित पंजियों का अवलोकन किया तथा उपस्थित नौनिहालों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि चिन्हित […]

You May Like