मुंबई, 14 अगस्त (वार्ता) डॉलर सूचकांक और कच्चे तेल में नरमी से अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में शुक्रवार को रुपया तीन पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 95.42 रुपये का बोला गया।
भारतीय मुद्रा पिछले कारोबारी दिवस पर 12 पैसे फिसलकर 95.45 रुपये प्रति डॉलर पर रही थी।
रुपये में आज शुरू से ही तेजी रही। यह पांच पैसे की मजबूती के साथ 95.40 रुपये प्रति डॉलर पर खुला। दिन भर यह सीमित दायरे में रहा। यह ऊपर 95.39 रुपये और नीचे 95.44 रुपये प्रति डॉलर तक गया। अंत में 95.42 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर आज 0.4 प्रतिशत टूट गया। इससे रुपये को मजबूती मिली। कच्चे तेल का मानक ब्रेंट क्रूड वायदा आज 0.15 प्रतिशत फिसलकर 87 डॉलर प्रति बैरल से नीचे उतर गया। इससे भी भारतीय मुद्रा को समर्थन मिला।
विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) की भारतीय पूंजी बाजार में बिकवाली से रुपये की बढ़त सीमित रही। एफपीआई ने आज 24.39 करोड़ डॉलर की शुद्ध बिकवाली की।
