
ग्वालियर। ग्वालियर में कोरोना संक्रमण से लंबे समय बाद एक महिला की मौत हुई है। भिंड निवासी 55 वर्षीय भूरीबाई को भिंड के एक निजी अस्पताल से ग्वालियर के जेएएच के लिए रेफर किया गया था, जहां महिला की मौत हो गई है। महिला की कोविड से मौत की बात को दिन भर छुपाए रखा गया, लेकिन यह बात जेएएच अस्पताल से लीक हो गई है।
महिला को सांस लेने में परेशानी थी। उसे भिंड के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसका कोविड सैंपल लिया गया था। 18 जून को महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। महिला की हालत खराब होने पर दो दिन पहले उसे ग्वालियर के जेएएच रेफर किया गया था, जहां उसने दम तोड़ दिया है।
बताया गया है कि भिंड के बरासों गांव निवासी 55 वर्षीय महिला भूरीबाई ग्वालियर में ही किराए पर रहती हैं। सर्दी, खांसी और बुखार आने पर वह 12 जून को ग्वालियर के एक ट्रस्ट से जुड़े अस्पताल में भर्ती हुई थीं। हालात में सुधार होने पर वह 15 जून को अपने पुश्तैनी घर बरासों गांव पहुंची थी। यहां दो दिन ठीक रहने के बाद अचानक उसकी तबीयत फिर बिगड़ी, जिस पर महिला को भिंड में विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
