
सीधी। जिले की अमिलिया पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण कर आरोपी को जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार थाना अमिलिया क्षेत्र के अंतर्गत एक नाबालिग बालिका ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जब वह घरेलू कार्य से घर से बाहर गई थी, तब आरोपी ने उसे सूनेपन का फायदा उठाकर खेत में बंधक बनाया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। आरोपी ने पीड़िता को घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अमिलिया निरीक्षक राकेश बैस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर आरोपी के विरुद्ध मामला पंजीबद्ध किया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने अपने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस के अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से जेल वारंट प्राप्त होने पर उसे जिला जेल सीधी में दाखिल कराया गया है। पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट आशुतोष द्विवेदी के मार्गदर्शन में उक्त त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही में निरीक्षक राकेश बैस थाना प्रभारी अमिलिया, सहायक उप निरीक्षक अजीत पांडेय चौकी प्रभारी सिहावल, थाना अमिलिया एवं चौकी सिहावल के पुलिस स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
