
छिंदवाड़ा. शुक्रवार को जिले के सभी अधिकारी फील्ड पर पहुंचे और योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानी। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। कलेक्टर हरेन्द्र नारायन ने छिंदी में संचालित विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध जन सुविधाओं, व्यवस्थाओं और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संस्थाओं के दैनिक संचालन, हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं तथा अभिलेखों के संधारण के संबंध में भी जानकारी ली। इस दौरान जहां कहीं कमियां मिली लापरवाहों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और जहां व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गई, वहां शाबाशी मिली।
आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्थाएं देखी ००००००
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने सबसे पहले आंगनबाड़ी केंद्र बड्डाढाना छिंदी पहुंचकर बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं, पोषण आहार की उपलब्धता, उपस्थिति, साफ-सफाई तथा केंद्र के संचालन की व्यवस्थाओं का निरिक्षण किया। टीएचआर में दाल सही अनुपात में नहीं पाए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई और एस.एच.जी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। केंद्र में एलईडी टीवी होने के बाद भी उसका रिमोट नहीं होने और उसका बच्चों के लिए उपयोग नहीं पाए जाने पर सुपरवाइजर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री नारायन ने निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी सेवाएं निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाएं, इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सहकारी समिति और उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण ०००००००००००००००००
कलेक्टर श्री नारायन ने प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति छिंदी तथा उचित मूल्य दुकान छिंदी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने खाद्यान्न के भंडारण, वितरण व्यवस्था, स्टॉक रजिस्टर तथा हितग्राहियों को समय पर राशन उपलब्ध कराने की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसी प्रकार उन्होंने खाद वितरण की भी जानकारी प्राप्त की और कृषकों को खाद का सुचारू वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वन टू वन सुनी ग्रामीणों की समस्याएं००००००
निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने छिंदी में आयोजित खंड स्तरीय शिविर में पहुंचे और ग्रामीणों की समीक्षा में एक – एक कर समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्राम खापाखुर्द की पुलिया की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की सुनवाई के दौरान लापरवाही सामने आने पर मनरेगा उपयंत्री को निलंबन के लिए कारण बताओ नोटिस जारी करने और सहायक यंत्री के विरुद्ध कार्यवाही का प्रस्ताव संभागीय अधिकारी को प्रेषित करने के निर्देश दिए। जाति सुधार सम्बन्धी एक आवेदन का निराकरण 192 दिन बाद किए जाने की शिकायत पर सहायक प्रबंधक ई-गवर्नेंस को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर्स एवं क्षेत्र में महिला डॉक्टर की कमी की समस्या सामने आने पर प्रभारी सीएमएचओ डॉ.अर्चना कैथवास को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।
