तिरंगे के सम्मान में उमड़ा यह जनसैलाब राष्ट्रभक्ति की अद्भुत मिसाल: डॉ.राजेश

सीधी। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व सीधी नगर में शुक्रवार को राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का अभूतपूर्व दृश्य देखने को मिला। छत्रसाल स्टेडियम से निकली भव्य तिरंगा यात्रा में 5 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साह और अनुशासन के साथ सहभागिता की। हाथों में तिरंगा और दिल में देशभक्ति का जज्बा लिए विद्यार्थियों के कदम जब नगर की सडक़ों पर बढ़े तो पूरा सीधी तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। यात्रा के दौरान भारत माता के जयघोष और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा।

तिरंगा यात्रा छत्रसाल स्टेडियम से प्रारंभ होकर अस्पताल तिराहा, कलेक्ट्रेट तिराहा होते हुए होमगार्ड परिसर पहुंची, जहां इसका गरिमामय समापन हुआ। हजारों विद्यार्थियों की एक साथ सहभागिता, हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति से ओतप्रोत नारों ने इस यात्रा को यादगार बना दिया। मार्ग में नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक यात्रा का स्वागत किया। विद्यार्थियों का उत्साह और अनुशासन देखते ही बन रहा था। तिरंगा यात्रा में सीधी सांसद डॉ.राजेश मिश्रा, सीधी विधायक रीती पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, कलेक्टर विकास मिश्रा तथा पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विद्यार्थियों के साथ कदम से कदम मिलाकर यात्रा में सहभागिता की। सांसद डॉ.राजेश मिश्रा ने कहा कि सीधी की धरती पर तिरंगे के सम्मान में उमड़ा यह जनसैलाब राष्ट्रभक्ति की अद्भुत मिसाल है। हजारों छात्र-छात्राओं का हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ यात्रा में शामिल होना इस बात का प्रमाण है कि देश का भविष्य राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान के साथ देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने राष्ट्रीय कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का स्मरण कराने वाला पर्व है। आज की तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं बल्कि नई पीढ़ी के राष्ट्र के प्रति समर्पण, जिम्मेदारी और संकल्प का विराट प्रदर्शन है। सीधी में हजारों युवाओं की यह सहभागिता लंबे समय तक स्मरणीय रहेगी और समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करेगी।

जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की इतनी बड़ी संख्या में सहभागिता यह दर्शाती है कि जिले के युवाओं में राष्ट्र के प्रति गहरा सम्मान और जिम्मेदारी की भावना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में देशप्रेम के साथ सामाजिक एकता और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करते हैं। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के मार्गदर्शन में यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई। यात्रा शांतिपूर्ण, अनुशासित और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर निकली यह विशाल तिरंगा यात्रा सीधी के लिए गौरव का क्षण बन गई। हजारों तिरंगों के साथ एक स्वर में गूंजते देशभक्ति के जयघोष और युवाओं के उत्साह ने नगर में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम की ऐसी तस्वीर प्रस्तुत की, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। तिरंगा यात्रा ने भाजपा जिलाध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान, सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अपर कलेक्टर बी.पी.पाण्डेय, एडिशनल एसपी कमला जोशी, जनप्रतिनिधिगण, छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में नगरवासी सम्मिलित हुए।

००

तिरंगे की छांव में एकजुट हुआ सीधी: रीती

विधायक रीती पाठक ने कहा कि आज सीधी नगर का प्रत्येक मार्ग तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया और हर कदम से देशभक्ति की भावना मुखरित हुई। 5 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं का एक साथ तिरंगा लेकर चलना सीधी की जागृत राष्ट्र चेतना और देश के प्रति अटूट प्रेम का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारे लिए केवल ध्वज नहीं बल्कि करोड़ों देशवासियों की भावनाओं, त्याग, संघर्ष और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। आज की अभूतपूर्व तिरंगा यात्रा ने यह संदेश दिया है कि देश की एकता और अखंडता के लिए युवा शक्ति पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि तिरंगे के सम्मान को केवल पर्व तक सीमित नहीं रखना है, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और सामाजिक दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए इसे जीवन का संकल्प बनाना है।

००

कलेक्टर ने तिरंगा यात्रा में शामिल सभी का किया आभार व्यक्त

कलेक्टर विकास मिश्रा ने तिरंगा यात्रा में शामिल सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य जन-जन में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने विद्यार्थियों के अनुशासन और उत्साह की सराहना की।

०००००००००००

Next Post

शुक्रवार को कलेक्टर अधिकारियों की टीम के साथ पहुंचे छिंदी

Fri Aug 14 , 2026
छिंदवाड़ा. शुक्रवार को जिले के सभी अधिकारी फील्ड पर पहुंचे और योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानी। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। कलेक्टर हरेन्द्र नारायन ने छिंदी में संचालित विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध जन सुविधाओं, व्यवस्थाओं और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति […]

You May Like