सतना: शहर के महदेवा स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में शनिवार को असामाजिक तत्वों की शर्मनाक हरकत सामने आई। अज्ञात लोगों ने विद्यालय परिसर में आग लगा दी, जिससे स्कूल में लगे सैकड़ों पौधे झुलस गए और हरियाली को भारी नुकसान पहुंचा।प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 1:30 बजे विद्यालय की छुट्टी होने के बाद प्रधानाध्यापक आलोक त्रिपाठी सहित सभी शिक्षक स्कूल में ताला लगाकर घर चले गए थे।
इसके बाद शाम करीब 4:30 बजे वार्ड पार्षद अच्छेलाल कोल ने विद्यालय परिसर से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। उन्होंने तुरंत प्रधानाध्यापक को फोन पर सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रधानाध्यापक तत्काल विद्यालय पहुंचे। इसके बाद पार्षद और प्रधानाध्यापक ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बड़ी संख्या में पौधे आग की चपेट में आकर झुलस चुके थे।
हेडमास्टर ने रोपे थे 600 पौधे
विद्यालय परिसर में प्रधानाध्यापक द्वारा करीब 600 पौधे लगाए गए हैं। वहीं अब तक वे 2000 से अधिक वृक्षों का रोपण और संरक्षण कर चुके हैं। आगजनी की इस घटना से उनके वर्षों की मेहनत को बड़ा नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन अब तक सख्त कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। घटना के संबंध में प्रधानाध्यापक ने थाना सिविल लाइन में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
