
सीहोर।अल्पवर्षा को देखते हुए नगरपालिका द्वारा बहते पानी को रोकने के लिए बंधान के गेट बंद कर दिए हैं. सीवन नदी के इलाही माता मंदिर के समीप बंधान के एक शटर को अज्ञात तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया था जिसके कारण पानी का तेज रिसाव हो रहा था. सीवन को खाली होता देख नगरपालिका द्वारा रेत से भरी बोरियों की मदद से रिसाव को रोकने का प्रयास किया गया है. इससे काफी हद तक पानी का रिसाव रूक गया है.
गौरतलब है कि इस बार अल्पवर्षा के कारण अधिकांश जलस्त्रोत खाली रह गए हैं. आगामी दिनों में पानी की किल्लत न बढ़े इसके लिए नगरपालिका द्वारा नदी- नालों में भरे पानी के बहाव को रोकने के लिए बंधानों को बंद कर दिया गया है. चद्दरपुल, कर्बला और इलाही माता के समीप सीवन नदी के गेट बंद कर दिए गए हैं. जिसके कारण सीवन वर्तमान में लबालब भरी नजर आ रही है. चंद रोज पहले अज्ञात तत्वों द्वारा इलाही माता के समीप बंधान का एक गेट क्षतिग्रस्त कर दिया था .जिसकी वजह से पानी का तेज रिसाव हो रहा था और सीवन खाली हो रही थी. जानकारी मिलने के बाद नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर द्वारा गेट को बंद करने के निर्देश दिए गए.
नपा के अमले ने लगभग 150 से अधिक बोरियों में रेत भरकर बंधान के गेट के समीप डलवाई हैं. अब पानी का रिसाव काफी कम हो गया है. नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि आगामी दिनों में जब पानी का स्तर थोड़ा कम होगा तब गेट की मरम्मत कराई जाएगी. फिलहाल तो पानी का रिसाव कम होने से आसपास के रहवासियों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि अगर नदी खाली हो जाती तो आसपास के बोर व हैंडपंप जवाब दे सकते थे.
