नयी दिल्ली, 29 अगस्त (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में चीनी की कीमतों में शनिवार को लगातार तीसरे दिन गिरावट रही। चीनी के साथ चावल और दालों के भाव भी टूट गये जबकि गेहूं में तेजी रही। खाद्य तेलों की कीमतों में उतार-चढ़ाव रहा।
मीठे के थोक बाजार में चीनी की औसत कीमत 24 रुपये घटकर 5,911 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गुड़ भी 95 रुपये सस्ता होकर 5,993.73 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया।
खुदरा बाजार में चीनी की औसत कीमत 26 पैसे घटकर 63.84 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गयी।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 37 रुपये टूटकर 4,134 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गेहूं छह रुपये महंगा हुआ और 2,867 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटे का भाव भी 18 रुपये घट गया।
दाल-दलहनों में उड़द दाल औसतन 90 रुपये और तुअर दाल 80 रुपये सस्ती हुई। मसूर दाल की कीमत 66 रुपये और मूंग दाल की 48 रुपये उतर गयी। चना दाल में 25 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट रही।
घरेलू बाजार में आज खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव देखा गया। मूंगफली तेल की औसत कीमत 147 रुपये और सरसों तेल की 46 रुपये टूट गयी। वनस्पति के भाव पिछले कारोबारी दिवस के स्तर पर ही पड़े रहे। पाम ऑयल में 91 रुपये और सोया तेल में 73 रुपये की बढ़त दर्ज की गयी। सूरजमुखी तेल तीन रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ।
