
गुना। बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र के सिरसी खुर्द गांव में 19 वर्षीय युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के मामले ने शनिवार को तूल पकड़ लिया। सिरफिरे युवक की प्रताड़ना से तंग आकर उठाए गए इस कदम से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शहर के हनुमान चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते काफी देर तक आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सिरसी खुर्द निवासी जानकी बाई (19) पुत्री संतोष धाकड़ को गांव का ही एक सिरफिरा युवक फोन कर लगातार परेशान कर रहा था और उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था। युवक की प्रताड़ना से युवती बेहद तनाव में थी। शुक्रवार रात जब पूरा परिवार खेत पर मक्का की फसल निकालने गया हुआ था, उसी दौरान मौका पाकर जानकी ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
शनिवार को घटना से आक्रोशित परिजनों ने आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर हनुमान चौराहे पर जाम लगा दिया। चक्काजाम की सूचना मिलते ही सीएसपी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और आक्रोशित लोगों को निष्पक्ष जांच व आरोपी पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर समझाइश दी। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया और यातायात बहाल हो सका।
