
बड़वानी। नेशनल ओपन पैरा आर्म रैसलिंग प्रतियोगिता में जिले के दिव्यांग खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं 6 खिलाडिय़ों ने मैडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। ग्वालियर के अटल बिहारी वाजपेई दिव्यांग खेल प्रशिक्षण केंद्र में उक्त प्रतियोगिता हुई। जिसमें देशभर के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। वहीं बड़वानी जिले के 21 प्रतिभागियों में से भगवत डावर, सुबी सोलंकी और मनोज पटेल ने गोल्ड, शीला अलावे ने सिल्वर और किरण आर्य व नानसिंग सोलंकी ने ब्रॉन्ज मैडल जीते। अन्य खिलाडिय़ों ने भी अपनी श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन किया। सफलता के बाद खिलाडिय़ों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच एसपी जगदीश डावर से मुलाकात की। एसपी ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल जिले के लिए गौरव का विषय है, बल्कि दिव्यांग खिलाडिय़ों के उत्साह और क्षमता का प्रमाण भी है।
